रायपुर, 05 जनवरी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। आए दिन सड़क हादसे और हिट एंड रन के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रसेन धाम के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार युवक-युवतियां मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
मामले में पुलिस ने भरतपुर–सोनहत से भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, घटना के बाद फरार हुए अन्य युवक-युवतियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
