*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने अपने संगठन को मजबूती देने और राज्य में चल रहे सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने के लिए रविवार को एक बड़ी घोषणा की है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष और मुख्य संगठक लालजी देसाई के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने सदस्यता अभियान को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश और संभाग स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। बस्तर संभाग के लिए पुनीता राम चौहान प्रभारी और चंद्रहास शिवा सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अरुण ताम्रकार ने इस बाबत आधिकारिक पत्र जारी कर नई नियुक्तियों की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सदस्यता अभियान को निचले स्तर तक पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को सेवादल की विचारधारा से जोड़ना है। इसी रणनीति के तहत पुराने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है ताकि अभियान को सुचारू रूप से चलाया जा सके। जारी सूची के अनुसार, सदस्यता अभियान के लिए पूरे प्रदेश की निगरानी और संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता संतोष पांडेय को दी गई है, जिन्हें प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं उनके सहयोग के लिए मनोज वर्मा को प्रदेश सह प्रभारी बनाया गया है। ये दोनों पदाधिकारी राज्य स्तर पर अभियान की समीक्षा करेंगे। प्रदेश के सभी प्रमुख संभागों में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। दुर्ग संभाग प्रभारी राजेश प्रसाद गुप्ता और सह प्रभारी हर्ष खोब्रगढ़े, रायपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रभारी जमाल खान और सह प्रभारी अब्दुल हामिद बनाए गए हैं। बिलासपुर संभाग प्रभारी देव चंद्राकर और सह प्रभारी रतन गुप्ता केसरवानी नियुक्त किए गए हैं। आदिवासी बाहुल्य बस्तर संभाग में संगठन को मजबूत करने के लिए पुनीताराम चौहान को प्रभारी और चंद्रहास शिवा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। सरगुजा संभाग प्रभारी विनीत जायसवाल और सह प्रभारी रोहन राजवाड़े को बनाया गया है। प्रदेश मुख्य संगठक अरुण ताम्रकार ने बताया कि इन नियुक्तियों की सूचना अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सेवादल को प्रेषित कर दी गई है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे अपनी पुरानी जिम्मेदारियों के साथ-साथ इस नई जिम्मेदारी का भी निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे और प्रदेश में कांग्रेस सेवादल के सदस्यता अभियान को ऐतिहासिक सफलता दिलाएंगे।
