*अर्जुन झा*
*बकावंड।* जनपद पंचायत बकावंड की ग्राम पंचायत करपावंड में मनरेगा के तहत कार्यरत अकुशल श्रमिकों के लिए प्रोजेक्ट उन्नति के माध्यम से राजमिस्त्री का तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर करपावंड गांव के 30 युवा जो मनरेगा योजनांतर्गत वर्षभर में 60 दिवस कार्य कर चुके हैं, उन्हें हुनर से जोड़ने प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
राजमिस्त्री प्रशिक्षण में श्रमिकों को चिनाई, प्लास्टरिंग, समतलीकरण, सीमेंट–मोर्टार अनुपात, गुणवत्ता नियंत्रण तथा निर्माण संबंधी सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा संचालित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य श्रमिकों को अकुशल श्रम से कुशल श्रम की ओर उन्नत कर उनकी आय एवं रोजगार के अवसर बढ़ाना है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात ये श्रमिक अब कुशल राजमिस्त्री के रूप में कार्य कर नियमित आजीविका अर्जित कर सकेंगे। साथ ही क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बनने वाले आवासों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण में भी ये योगदान देंगे। कार्यशाला के अंतिम दिन समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागी श्रमिकों को प्रशिक्षण उपरांत प्रमाणपत्र वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
