बालोद/ डौंडी थाना अंतर्गत ग्राम लिमहाटोला में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे खड़ी एक बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस के सामने खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार सड़क किनारे वाहन खड़ा कर पास ही चिकन खरीदने गए थे, तभी अचानक यह दुर्घटना हो गई। टक्कर के चलते बस में बैठे तीन महिला यात्रियों और एक पुरुष को चोटें आईं। घटना की खबर मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
दादा ट्रेवल्स की यह बस भानुप्रतापपुर से दल्लीराजहरा जा रही थी, जिसमें 40 से अधिक यात्री सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
