दल्लीराजहरा। नगर स्थित शहीद अस्पताल के बाथरूम में नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना बीती रात करीब 12:30 बजे उस समय सामने आई, जब सफाई के दौरान सफाईकर्मी की नजर बाथरूम में पड़े नवजात के शव पर पड़ी। इसकी सूचना तत्काल अस्पताल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद थाना पुलिस को अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से पूछताछ की गई, लेकिन नवजात से संबंधित कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद नगर पालिका के सहयोग से नवजात का अंतिम संस्कार कराया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नवजात शिशु लगभग सात माह का बताया जा रहा है।

इस गंभीर घटना को लेकर वार्ड क्रमांक 20, गांधी चौक दल्लीराजहरा के पार्षद रोशन पटेल ने कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि नवजात को किन परिस्थितियों में अस्पताल के बाथरूम में छोड़ा गया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
