*अर्जुन झा*
जगदलपुर/दरभा, 02 जनवरी 2026। थाना दरभा क्षेत्र में नववर्ष के पहले ही दिन दिनाँक 01 जनवरी 2026 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी दरभा के निर्देश पर उपनिरीक्षक द्वारिका प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में थाना स्टाफ द्वारा ग्राम तीरथगढ़ के तिराहा चौक के पास एमसीपी (मॉडल कोड ऑफ पुलिसिंग) के तहत संदिग्ध वाहनों की चेकिंग एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी।

इसी दौरान दोपहर लगभग 12.40 बजे कुटुम्बसर से तीरथगढ़ की ओर आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG18R9974 को पुलिस ने चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन करीब 50 मीटर पहले धीमा कर सड़क किनारे खड़ा कर दिया और वाहन में सवार चार अज्ञात व्यक्ति दरवाजा खोलकर मौके से फरार हो गए।

वाहन के संदिग्ध होने पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में स्कॉर्पियो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से एक भूरे रंग का विलुप्त एवं दुर्लभ वन्य प्राणी पेंगोलिन तथा एक बैग में अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। मौके पर ही गवाहों के समक्ष तलाशी व बरामदगी पंचनामा तैयार कर पेंगोलिन सहित वाहन को विधिवत जब्त किया गया।

पुलिस ने इस मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 44, 49, 50, 51, 52 एवं 57 के तहत बिना नंबरी देहाती नालसी दर्ज की। बाद में थाना दरभा पहुंचकर असल अपराध क्रमांक 01/2026 पंजीबद्ध कर अग्रिम विवेचना शुरू कर दी गई है।

फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह मामला अंतरराज्यीय वन्य जीव तस्करी से जुड़ा हो सकता है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
