रायपुर, 01 जनवरी।
नए साल की शुरुआत में ही राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बोलेरो वाहन ने पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर सामने से आ रहे ई-रिक्शा को चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक का एक पैर कटकर अलग हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। अचानक वाहन से नियंत्रण खोने के कारण उसने सड़क पर आगे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के दौरान ई-रिक्शा चालक का पैर केबिन में फंस गया और तेज झटके के कारण उसका एक पैर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत अस्पताल भिजवाया। समय पर इलाज मिलने से घायल की जान बच सकी।
पुलिस ने बोलेरो, स्विफ्ट डिजायर और ई-रिक्शा तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। वहीं बोलेरो चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
