*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बस्तर संभाग के सुकमा जिले के कोंटा ब्लॉक अंतर्गत बंडा बेस कैंप, वार्ड क्रमांक 1 में सीआरपीएफ के एक जवान ने अपने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई को सुकमा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक का नाम मड़कम बाबूराव है। बाबूराव और उसके बड़े भाई मड़कम सिंगा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान मड़कम सिंगा ने मकड़म बाबूराव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।निशाना बाबूराव की गर्दन पर था, मगर कंधे पर चोट लगी। वह बाल बाल बच गया। मकड़म सिंगा सीआरपीएफ का जवान है और वह छुट्टी पर घर आया था। घायल बाबूराव को पड़ोसियों ने कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोंटा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
