*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के मरकानार निवासी दृष्टिहीन विधवा पर प्रशासन की कृपा दृष्टि हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा फौरी तौर पर पीड़िता की पेंशन राशि जारी कर दी गई है। इसके साथ ही उसके अन्य सभी जरूरी दस्तावेज बनाने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया गया है ।
इस विषय में पंचायत सचिव सुरेंद्र यादव ने जानकारी देते कहा है कि पीड़िता का विशेष प्राथमिकता वाला राशनकार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र सहित अन्य सभी जरूरी दस्तावेज बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। दस्तावेज शीघ्र बन जाएंगे। ताकि पीड़िता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उल्लेखनीय है कि विधवा मासे के दो बच्चे हैं उनके भरण पोषण के लिए वह संघर्ष कर रही है। किसी तरह से जंगल से सूखी लकड़ी लाकर वह शहर में बेचती है और उसी रकम से घर चलाती है। सरकार की गरीबी रेखा सर्वे सूची में भी शामिल नहीं होने का दंश वर्षो से झेलती रही। लेकिन किसी से शिकवा शिकायत कभी नहीं की। बहरहाल देर आयद दुरुस्त आयद की तर्ज पर अब इस बेसहारा परिवार के लिए उम्मीद की किरणें जगी हैं। स्वजनों को उम्मीद है कि विधवा मासे अब मुख्य धारा से जुड़कर नई जिंदगी की शुरुआत करेगी।
