धमतरी, 29 दिसंबर। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में 28 दिसंबर की देर रात जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा ग्राम कलारतराई में औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें अवैध गतिविधियों का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान खनिज मुरूम का अवैध परिवहन करते हुए दो हाईवा वाहनों को मौके पर पकड़ा गया। इसके अलावा एक अन्य हाईवा वाहन अवैध रूप से रेत का परिवहन करता पाया गया। सभी वाहनों को तत्काल जप्त कर संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रशासन द्वारा इन मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुरूम, रेत सहित अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और आकस्मिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से न केवल शासन के राजस्व की रक्षा होगी, बल्कि जिले में कानून व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि खनिज विभाग द्वारा सतत निरीक्षण, निगरानी और प्रवर्तन की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
