सीतापुर, 29 दिसंबर।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हरगांव थाना क्षेत्र के अनिया कला स्थित प्रसिद्ध महामाई मंदिर परिसर में रविवार सुबह एक नवविवाहित पति-पत्नी के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि इसी मंदिर में महज 22 दिन पहले दोनों ने सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की थी।
प्रेम विवाह के बाद सामान्य हो रहे थे हालात
मृतक युवक की पहचान लहरपुर क्षेत्र के बस्ती पुरवा निवासी खुशीराम (22) और उसकी पत्नी मोहिनी (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों दूर के रिश्तेदार थे और एक-दूसरे से प्रेम करते थे। परिजनों की शुरुआती असहमति के बावजूद 6 दिसंबर को दोनों ने घर से निकलकर महामाई मंदिर में विधि-विधान से विवाह किया था। शादी के बाद कुछ समय तक पारिवारिक तनाव रहा, लेकिन बाद में परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था और दंपती परिवार के साथ ही रह रहे थे।
सुबह दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं ने देखा भयावह दृश्य
रविवार तड़के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की नजर जब मंदिर परिसर के एक पेड़ पर पड़ी, तो वे सन्न रह गए। एक ही रस्सी के सहारे पति-पत्नी के शव लटके हुए थे। खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में शोक व आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस जांच में जुटी, कारण बना रहस्य
घटना की जानकारी मिलते ही हरगांव थाना प्रभारी बलवंत शाही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है कि आखिर शादी के कुछ ही दिनों बाद ऐसा क्या हुआ, जिसने दोनों को यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
