जांजगीर-चांपा, 29 दिसंबर।
जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाए जाने और हिंदू देवी-देवताओं के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 28 दिसंबर 2025 को प्राप्त शिकायत के बाद की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अकलतरा थाना क्षेत्र के तरौद वार्ड क्रमांक 20 में दो व्यक्तियों द्वारा स्थानीय नागरिकों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके साथ ही हिंदू धर्म से जुड़े देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं, जिससे क्षेत्र में धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 661/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 03 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं—
संजू दांडेकर (उम्र 37 वर्ष), निवासी लीमाही, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार
मोती सिंह (उम्र 39 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपों की पुष्टि होने एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में अकलतरा थाना पुलिस की तत्परता और सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
