धमतरी, 29 दिसंबर।
धमतरी पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए महाराष्ट्र से सक्रिय एक शातिर महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। ई-रिक्शा में यात्रियों के साथ सफर करते हुए उनके बैग से नकदी चोरी करने वाली तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
ई-रिक्शा में सफर के दौरान हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर 2026 को मराठापारा धमतरी निवासी सरिता त्रिपाठी अपनी बच्ची के साथ मजदूरों को भुगतान करने के लिए 20 हजार रुपये नकद बैग में रखकर गणेश चौक से ई-रिक्शा में सवार हुई थीं। रास्ते में रामबाग के पास तीन अज्ञात महिलाएं उसी ई-रिक्शा में बैठीं और विंध्यवासिनी मंदिर के पास उतर गईं।
कारगिल चौक पहुंचने पर जब पीड़िता ने किराया देने के लिए बैग खोला, तो उसमें रखी नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने थाना सिटी कोतवाली धमतरी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने अपराध क्रमांक 352/2025 धारा 305(ब), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की गई।
जांच के दौरान विंध्यवासिनी मंदिर के पास तीनों महिलाएं संदिग्ध हालत में घूमती मिलीं, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
नकदी बरामद, तीनों आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से कुल 8,680 रुपये नकद बरामद किए गए।
प्रिया इंचुरकर से 3,650 रुपये
रंजू सेंडे से 2,250 रुपये
संगीता पाथरे से 2,780 रुपये
गिरफ्तार आरोपी महिलाएं हैं—
प्रिया इंचुरकर (40 वर्ष), निवासी नागपुर (महाराष्ट्र)
रंजू सेंडे (50 वर्ष), निवासी गोंदिया (महाराष्ट्र)
संगीता पाथरे (40 वर्ष), निवासी नागपुर (महाराष्ट्र)
तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पहले भी कर चुकी हैं वारदातें
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं इससे पहले भी रायपुर जिले में इसी तरह ई-रिक्शा में यात्रा कर रहे यात्रियों के बैग से नकदी चोरी की घटनाओं में शामिल रही हैं। इनका तरीका भीड़ का फायदा उठाकर जानबूझकर धक्का-मुक्की करना और मौके का लाभ उठाकर चोरी करना रहा है।
पुलिस की जनता से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें, अपने पर्स और बैग सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या 100 पर दें।
