*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल क्रमांक 2 में आज 26 दिसंबर को जिला स्तरीय वीर बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने कहा कि गुरु गोविंद सिंग जी के वीर सपूत जोरावर सिंग और फतेह सिंग ने महज 9 एवं 6 वर्ष की उम्र में धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए बहुत बड़ा बलिदान दिया था। अपने धर्म के साथ अडिग खड़े रहे गुरु गोविंद सिंग जी के इन दोनों साहिबजादों को मुगल शासक औरंगजेब ने दीवार पर जिंदा चुनवा दिया था। ये दोनों वीर अपने प्राणों की आहूति देकर पूरी दुनिया को संदेश दे गए हैं कि सत्य, ईमान, धर्म और न्याय के साथ हमेशा खड़े रहना चाहिए। अपनी जान की कुर्बानी देकर वे सदा सदा के लिए अमर हो गए हैं। इस दौरान बच्चों द्वारा बाबा जोरावर सिंग और बाबा फतेह सिंग के चित्र बनाकर प्रदर्शित किया गया। अन्य वक्ताओं द्वारा भी दोनों साहिबजादों के त्याग और बलिदान पर अपने विचार रखे गए। जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता चित्रकारी प्रतियोगिता और निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, एपीसी राकेश खापर्डे, प्राचार्य सुधा परमार, खंड शिक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता, बीआरसी राजेंद्र ठाकुर, तेजपाल सिंग, सुचित्रा सामंत, सीएससी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
