रायपुर, 24 दिसंबर।
केरल में बांग्लादेशी नागरिक समझकर पीट-पीटकर मारे गए छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर राम नारायण के परिवार को केरल सरकार ने 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
घटना केरल के पलक्कड़ जिले के वालयार के पास किझाकेट्टप्पल्लम क्षेत्र की है, जहां चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों की भीड़ ने राम नारायण को बांग्लादेशी नागरिक समझ लिया और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल राम नारायण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक राम नारायण मजदूरी के लिए छत्तीसगढ़ से केरल गया था।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए केरल सरकार ने मृतक के परिजनों को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी आक्रोश देखा जा रहा है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
