रायपुर, 24 दिसंबर। राजधानी रायपुर में शराब पीने के दौरान चखना में ठंडा भजिया लाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुस्से में आकर एक युवक ने अपने ही दोस्त के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार 23-24 दिसंबर की दरम्यानी रात सनी साहू और दुर्गेश सतनामी साहू डेयरी में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान दुर्गेश खाने के लिए भजिया लेकर आया, जो ठंडा होने पर सनी साहू नाराज हो गया। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में सनी साहू ने पास में रखी लोहे की रॉड से दुर्गेश सतनामी के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
हमले में दुर्गेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद घबराए सनी साहू ने उसे तत्काल उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गेश सतनामी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने आरोपी सनी साहू के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतक दोनों एक ही डेयरी में काम करते थे और आपस में अच्छे दोस्त थे। घटना के दिन भी दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
