रायपुर, 24 दिसंबर।
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एमडीएमए ड्रग्स के संगठित सिंडिकेट से जुड़े दो अतिरिक्त आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पूरे नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। कार्रवाई के दौरान ड्रग्स, नकदी, मोबाइल फोन और एक लग्जरी चारपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट पर दबिश दी थी, जहां से एक नाबालिग सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया गया था। मौके से 10 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 20 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ के दौरान ड्रग्स सप्लाई से जुड़े पूरे सिंडिकेट का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि इस अवैध कारोबार में ईवेंट डेकोरेशन के व्यवसाय से जुड़े लोग भी शामिल थे। इसी कड़ी में पुलिस ने मंदिर हसौद निवासी मोहम्मद माजिद को गिरफ्तार किया, जो एमडीएमए ड्रग्स की खरीद कर उसकी बिक्री करता था।
पुलिस जांच में यह भी उजागर हुआ कि ड्रग्स के लेन-देन की रकम ऑनलाइन माध्यम (फोन-पे) के जरिए नागपुर निवासी नंदलाल ठाकुर के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती थी, जहां से आगे सप्लायर तक पैसे पहुंचाए जाते थे। इस अहम कड़ी के आधार पर पुलिस ने नंदलाल ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
