*अर्जुन झा*
*बकावंड।* विकासखंड बकावंड में स्थित बस्तर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाहुरबेल में आज विकास कार्यों की सौगात के साथ उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। क्षेत्रीय विधायक लखेश्वर बघेल के ग्राम आगमन पर ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ग्राम पंचायत के विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों, माता-बहनों एवं युवाओं द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विधायक का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत पाहुरबेल की माता-बहनों द्वारा पुजारीपारा क्षेत्र में सड़क की जर्जर स्थिति तथा आवागमन में हो रही गंभीर परेशानियों की जानकारी विधायक श्री बघेल को दी गई थी। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री बघेल ने तत्काल विधायक निधि से सड़क निर्माण की घोषणा की थी। इसी क्रम में आज उनकी उपस्थिति में पाहुरबेल के पुजारीपारा में आंगनबाड़ी केंद्र से बली घर तक लगभग 250 मीटर लंबाई की सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधायक श्री बघेल के हाथों संपन्न हुआ। इस सड़क की कुल लागत 8.23 लाख रुपये है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत और सुविधा प्राप्त होगी।भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात ग्राम पंचायत पाहुरबेल के मुख्य चौक पर माता-बहनों द्वारा विधायक श्री बघेल का पुनः भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात ग्राम में नवनिर्मित शेड का बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल द्वारा लोकार्पण किया गया। इस शेड की निर्माण लागत 8.80 लाख रुपये है। शेड की उपयोगिता एवं आवश्यकताओं को देखते हुए विधायक श्री बघेल ने इसकी कमियों को दूर करने हेतु अतिरिक्त 5 लाख रुपये की तत्काल घोषणा कर ग्रामीणों को एक और बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि विद्यालयों में बाहर से आने वाले परिजनों को अपने बच्चों से मिलने के लिए कड़ी धूप में खड़े होकर प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। इसी प्रकार गांव की माता-बहनों को भी आवागमन के दौरान विशेष वाहन की प्रतीक्षा धूप में करनी पड़ती थी। इस शेड के निर्माण के बाद अब परिजनों एवं माता-बहनों को धूप बरसात से राहत मिलेगी और उन्हें सुरक्षित व सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। श्री बघेल ने आगे कहा कि जिस प्रकार ग्रामवासियों द्वारा इस नवनिर्मित शेड को सुंदर आदिवासी कलाकृतियों से सुसज्जित किया गया है, उसी प्रकार इसका संरक्षण एवं रखरखाव करना भी ग्रामवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह शेड आप सभी की सुविधा के लिए बनाया गया है, अतः इसे सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना आवश्यक है। इसके पश्चात ग्राम पंचायत पाहुरबेल में ग्राम प्रमुखों द्वारा विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ग्रामसभा के दौरान सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम परिवर्तित कर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण वीबी जी राम जी किए जाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विधायक श्री बघेल एवं अन्य वक्ताओं ने योजना की विशेषताओं, उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा उनसे संवाद कर उनके सुझाव भी प्राप्त किए।अंत में ग्रामवासियों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए विधायक लखेश्वर बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से ग्राम पंचायत पाहुरबेल के विकास को नई दिशा मिलेगी और आमजन की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। इस दौरान सरपंच जितेंद्री बघेल, उप सरपंच ज्योति बघेल, जगमोहन बघेल, लालेंद्र बाकडे, लक्ष्मण बघेल, गोपाल कश्यप, सत्येंद्र गागड़ा, घासी कश्यप, लछन कश्यप, रेनु नाग, बुचन नाग, रामगिरि चंद्राकर, चंपाबाई, बलिराम बघेल, हेमंत सेठिया, दशरथ गोयल, पुनीत कश्यप, फूलसिंह नेताम, हनुराम, केसबो, खखपति, तारासिंह गोयल, जेमा कश्यप, लखीराम गोयल, लखबंधु भारती, रविंद्र गौरव, प्रेमबती कश्यप, रघुनाथ, जितेंद्र तिवारी, राजेश कुमार, तुलसीराम ठाकुर एवं समस्त कार्यकर्त्ता व ग्रामवासी उपस्थित रहे।
