*अर्जुन झा*
*बकावंड।* विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत कोलवाल स्थित धान खरीदी केंद्र में किसानों के सम्मान और उनके उत्साहवर्धन हेतु किसान दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आरबीएल बैंक के स्टाफ द्वारा किसानों के साथ मिलकर यह कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिससे पूरा परिसर किसान-हित और आत्मीयता के माहौल से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान आरबीएल बैंक के कपिल वर्मा, तेजलाल सहित बैंक के अन्य स्टाफ सदस्यों ने उपस्थित किसानों से संवाद किया और उन्हें खेती के क्षेत्र में आगे बढ़ने, आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने तथा आने वाले वर्ष में बेहतर उत्पादन करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया। बैंक स्टाफ ने किसानों को यह भरोसा दिलाया कि आरबीएल बैंक सदैव किसानों के साथ खड़ा है और उनकी आर्थिक मजबूती के लिए हर संभव सहयोग करता रहेगा। किसान दिवस के अवसर पर किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए आरबीएल बैंक की ओर से मिठाइयों का वितरण भी किया गया। इस छोटे लेकिन आत्मीय प्रयास ने किसानों का दिल जीत लिया और बैंक व किसानों के बीच विश्वास और सहयोग का रिश्ता और भी मजबूत हुआ।स्थानीय किसानों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल किसानों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। कुल मिलाकर, ग्राम पंचायत कोलवाल के धान खरीदी केंद्र में आयोजित यह किसान दिवस कार्यक्रम किसान हितैषी सोच और सकारात्मक पहल का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया।
