*अर्जुन झा*
*रायपुर।* जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के नवनियुक्त अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप बॉबी ने पदभार ग्रहण किया। बैंक के अधिकारी, कर्मचारियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े नेताओं, जनप्रतिनिधियों ने पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों का स्वागत किया।
सोमवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के के मुख्य कार्यालय भवन में बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष निरंजन सिन्हा एवं उपाध्यक्ष अभिनेश कश्यप बॉबी ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण से पूर्व दोनों पदाधिकारियों ने बैंक प्रांगण में स्थित बैंक के संस्थापक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित वामन बलीराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। अपने उद्बोधन में नवनियुक्त अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि जब किसी कार्यकर्ता को दायित्व मिलता है, तो वह केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं रह जाती, बल्कि उसे सौंपे गए विश्वास की परीक्षा बन जाती है। आज सहकारिता के क्षेत्र में जो दायित्व मुझे मिला है, वह मेरे लिए पद नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि लगभग 15 वर्षों के अंतराल के बाद नगर पालिका से होते हुए पुनः शासकीय दायित्व मिला है, जो दल के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता की अपेक्षाओं का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सहकारिता की असली ताकत किसान है। किसान ही सकारिता के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों से लेकर ऋण वितरण, भुगतान व्यवस्था और बैंकिंग सेवाओं तक किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए यही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके पूर्व बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपेक्षा व्यास ने बैंक की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि 2 जनवरी 1913 को स्थापित यह बैंक आज 6 जिलों में विस्तारित 73 शाखाओं एवं 550 से अधिक प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से रायपुर सहित ग्रामीण अंचल में सेवाएं दे रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक का डिपॉजिट निरंतर बढ़ रहा है, जो किसानों और आम नागरिकों के भरोसे का प्रमाण है। मंच संचालन बैंक अधिकारी व कवियित्री सुनीता शर्मा ने किया। इस मौके पर विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रघुनंदन साहू, मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, पूर्व अध्यक्ष श्याम साहू, भखारा नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, रामगोपाल देवांगन, प्राधिकृत अधिकारी पंकज सिन्हा, सिर्री मंडल अध्यक्ष लोकेश साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरिशंकर साहू, व्यापारी संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा, खिलेंद्र चंद्राकर, विनोद चंद्राकर, कालीदास सिन्हा, शत्रुघ्न साहू, टिकेंद्र बैंस ब्रांच मैनेजर कुरूद, महेंद्र सिंह गौर ब्रांच मैनेजर कोरा, प्रभात बैस, विकास साहू, खूबलाल साहू, भोलाराम साहू, सतरुपा सिन्हा, सत्यप्रकाश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
