कोरबा, 24 दिसंबर। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक निर्माण स्थल पर भाजपा नेता एवं पीएमजीएसवाई ठेकेदार अक्षय गर्ग की धारदार हथियार से की गई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए, वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वारदात में प्रयुक्त वाहन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है, जिसे जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।
