(रायपुर), 23 दिसंबर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना खम्हारडीह पुलिस और एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने गांजा भंडारण व सप्लाई करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी भावना नगर क्षेत्र में किराये के मकान को गांजा सप्लाई का अड्डा बनाकर लंबे समय से अवैध कारोबार कर रहे थे।
पुलिस को 23 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भावना नगर चिल्फी हाईट्स के पास खाली प्लॉट में दो संदिग्ध व्यक्ति गांजा के साथ मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कुमार गुप्ता (24 वर्ष), निवासी भोजपुर, बिहार एवं विमल कुमार कुशवाहा (21 वर्ष), निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भावना नगर, खम्हारडीह थाना क्षेत्र में रह रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अन्य साथियों के साथ मिलकर बाहर के राज्यों से गांजा मंगवाते थे और भावना नगर स्थित किराये के मकान में उसका भंडारण करते थे। ग्राहकों की मांग के अनुसार तौल कर पैकिंग कर सप्लाई की जाती थी। इसके बाद पुलिस ने किराये के मकान की तलाशी ली, जहां से बोरी और थैलों में रखा गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग टेप बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 7 किलो 500 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 75 हजार रुपये है, के साथ तौल मशीन और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
फिलहाल पुलिस मकान मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।
