रायपुर, 23 दिसंबर। नए साल के जश्न से पहले राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी चोट की है। न्यू ईयर पार्टियों में एमडीएमए (एक्स्टेसी) ड्रग्स की सप्लाई की तैयारी कर रहे एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 10 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 20 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में कुछ लोग एमडीएमए ड्रग्स के साथ मौजूद हैं। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान फ्लैट से 4 पुरुष और एक युवती को पकड़ा गया। पूछताछ और तलाशी में सभी के पास एमडीएमए ड्रग्स पाए गए। जांच में सामने आया कि नागपुर निवासी एक तस्कर द्वारा ड्रग्स रायपुर लाया गया था, जिसे न्यू ईयर के दौरान बड़े होटलों और आयोजनों में सप्लाई करने की योजना थी। गिरोह का मुख्य सप्लायर रायपुर निवासी युवक बताया जा रहा है, जो इवेंट ऑर्गनाइजरों के जरिए नशे की खेप आगे पहुंचाने वाला था।
पुलिस ने मौके से पराग बरछा उर्फ रघु (मुख्य सप्लायर), शुभम राजूधावड़े (नागपुर तस्कर), अमन शर्मा, शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस सिंडिकेट से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना ।
