दुर्ग, 23 दिसंबर। जिले की नेवई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसाली क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी दुकान से सोने के टॉप्स चोरी करने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किया गया एक जोड़ी सोने का टॉप्स भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुजल जैन, निवासी महावीर कॉलोनी दुर्ग ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कृष्णा टॉकीज रोड, रिसाली में स्थित उनकी दुकान “उपहार ज्वेलर्स” में 17 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे एक महिला ग्राहक बनकर आई थी। महिला ने सोने के टॉप्स देखने की बात कही और अलग-अलग टॉप्स हाथ में लेकर देखने लगी। इसी दौरान जब दुकानदार कैलकुलेटर लेने के लिए पलटा, तब महिला ने मौका पाकर एक जोड़ी सोने के टॉप्स चुपचाप अपने पास रख लिए और थोड़ी देर में आने की बात कहकर दुकान से निकल गई।
कुछ समय बाद जब दुकानदार ने सोने के डिब्बे का वजन मिलाया तो एक जोड़ी टॉप्स कम पाया गया। जांच करने पर यह स्पष्ट हुआ कि करीब 4 ग्राम वजन के सोने के टॉप्स, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये है, चोरी हो चुके हैं। रिपोर्ट पर नेवई थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध महिला घटना के समय बैगनी रंग की स्कूटी (क्रमांक CG 07 BV 6149) से देखी गई थी और चोरी के गहने बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदेही महिला संगीता कोठारी (उम्र 31 वर्ष), निवासी ग्राम खोला थाना आर जामगांव, वर्तमान पता रिसाली सेक्टर भिलाई को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपने मेमोरण्डम कथन में चोरी की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा चोरी किया गया एक जोड़ी सोने का टॉप्स गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
