दुर्ग, 23 दिसंबर। बदलते डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से दुर्ग रेंज पुलिस ने एक और मजबूत कदम उठाया है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज, दुर्ग श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) द्वारा महिला थाना सेक्टर-06 के समीप रेंज साइबर थाना एवं साइबर ट्रेनिंग सेंटर भवन हेतु चयनित भूमि का विधिवत भूमि पूजन किया गया। साथ ही रक्षित केंद्र दुर्ग में दधीचि प्रशिक्षण हॉल का भव्य उद्घाटन भी किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित विवेचना एवं तकनीकी सशक्तिकरण के लिए पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। साइबर ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से पुलिस बल को नवीनतम तकनीकों, डिजिटल साक्ष्य संकलन और साइबर कानूनों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि दधीचि प्रशिक्षण हॉल के शुभारंभ से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न विषयों पर नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे दुर्ग रेंज की पुलिस व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आयूसीएडब्ल्यू) श्रीमती पद्मश्री तंवर, उप पुलिस अधीक्षक लाइन श्री चंद्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक श्री नीलकंठ वर्मा, साइबर रेंज थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्री संकल्प राय, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती नीता राजपूत सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
