कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात हमलावरों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की नृशंस हत्या कर दी। घटना सोमवार सुबह कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम केशलपुर की है, जहाँ अक्षय गर्ग अपने सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।
वारदात का विवरण:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच एक काले रंग की कार में तीन हमलावर पहुंचे। उन्होंने निर्माण साइट पर मौजूद अक्षय गर्ग पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई:
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर आईजी डॉ. संजीव शुक्ला खुद मौके पर पहुँच रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में फॉरेंसिक और साइबर सेल की टीमें सुराग जुटा रही हैं। पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।
