दुर्ग, 22 दिसम्बर। दुर्ग पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोचिंग सेंटर के बाहर से दुपहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक्टिवा बरामद कर ली है।
क्या था मामला?
प्रार्थी युवराज कुमार साहू (22 वर्ष), निवासी मौहारी मरौदा नेवई ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 13 दिसम्बर 2025 की रात वह अपनी एक्टिवा (क्रमांक CG 07 CG 9758) से माही कोचिंग सेंटर, टंकी मरौदा गया था। रात करीब 09:40 बजे जब वह पढ़ाई कर बाहर आया, तो उसकी गाड़ी गायब थी।
गाड़ी की डिग्गी में प्रार्थी के महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे 10वीं-12वीं की अंकसूची, जाति, निवास, जन्म प्रमाण पत्र और राशन कार्ड भी रखे हुए थे। अज्ञात चोर द्वारा करीब 40,000 रुपये कीमत की गाड़ी चोरी करने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर देवेंद्र कुमार श्रीवास उर्फ दादू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी गई एक्टिवा बरामद कर ली गई है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में मुख्य रूप से निम्नलिखित अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही:
उपनिरीक्षक कमल सिंह सेंगर (थाना प्रभारी, नेवई)
उनि सुरेंद्र तारम
आरक्षक क्रमांक 1605 रवि बिसाई
