*अर्जुन झा*
जिला कांकेर के थाना आमाबेड़ा अंतर्गत ग्राम बड़े तेवड़ा निवासी चमरा राम सलाम (उम्र 70 वर्ष) की मृत्यु दिनांक 16 दिसंबर 2025 को हुई थी। मृतक की मृत्यु को लेकर संदेह व्यक्त करते हुए तथा दफन प्रक्रिया के संबंध में गांव के कुछ ग्रामीणों द्वारा विरोध दर्ज कराया गया और शव को बाहर निकालने (एक्सह्यूम) की मांग की गई।
ग्रामीणों की शिकायत पर कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा विधिक प्रावधानों के तहत शव को बाहर निकालने (एक्सह्यूम) का आदेश जारी किया गया। आदेशानुसार पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण की गई, जिसके पश्चात आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को परिजनों द्वारा मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे को लेकर दिनांक 18 दिसंबर 2025 को गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसमें ग्रामीण आपस में आमने-सामने आ गए तथा पत्थरबाजी की घटना भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा तत्काल आवश्यक कदम उठाए गए। घटना के दौरान कुछ संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा।
इस घटना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछोर सहित 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया। वर्तमान में 08 पुलिसकर्मी कांकेर एवं रायपुर के अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को पुलिस एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा प्रभावित क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।
सम्पूर्ण घटना के संबंध में आवश्यक विधिक प्रक्रिया एवं अनुवर्ती कार्रवाई की जा रही है। गांव में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा रही है।
वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है। प्रशासन द्वारा कड़ी सतर्कता बनाए रखी जा रही है।
