दुर्ग/पाटन, 20 दिसंबर।
पाटन क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना सेलूद से पौहा जाने वाले मार्ग पर शाम करीब 5:30 बजे हुई, जहां एक तेज रफ्तार बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल चालक तरुण चंद्राकर (49 वर्ष), निवासी पउहा, ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर उनके साथ दो बच्चे भी सवार थे, जिन्हें सौभाग्यवश कोई गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद बस चालक के मौके से फरार हो जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीण शव अपने पास रखने की मांग पर अड़ गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामला शांत कराया।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और फरार बस चालक की तलाश जारी है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, स्पीड कंट्रोल और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क पहले भी कई हादसों की गवाह रही है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
