दुर्ग 20 दिसंबर।
भिलाई शहर में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए शातिर चोर गिरोह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो सक्रिय चोरों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलरी संचालक को भी गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार भिलाई क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में बीते कुछ महीनों से दानपेटी और ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इनमें 7 अगस्त 2025 को फल मंडी पावर हाउस स्थित हनुमान मंदिर, 5 नवंबर 2025 को सेक्टर-5 कांचीकमाधी मंदिर, 12 नवंबर 2025 को फरीद नगर दुर्गा मंदिर, 14 दिसंबर 2025 को काली मंदिर सुपेला तथा 15-16 दिसंबर 2025 की रात सेक्टर-6 स्थित बालाजी मंदिर में चोरी या चोरी के प्रयास की घटनाएं शामिल हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से पुलिस के लिए चुनौती बढ़ गई थी।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा संदिग्ध अपराधियों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सपना टॉकीज पावर हाउस के पीछे रहने वाले दो युवक रात में मुंगेली आरटीओ से पंजीकृत बाइक से घूमते हैं और दिनभर घर में रहते हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रामचंद राठौर, निवासी गोरसी, अनूपपुर (मध्यप्रदेश) और मुकेश जायसवाल, निवासी ग्राम जोगीपुर, थाना तखतपुर, जिला मुंगेली बताया। तलाशी के दौरान उनकी बाइक (होंडा साइन CG 28 L 4683) की डिक्की से एक सब्बल बरामद किया गया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि जेल में मुलाकात के बाद दोनों ने मिलकर मंदिरों को निशाना बनाने की योजना बनाई और रेकी कर वारदातें कीं। चोरी में प्राप्त चांदी के छत्र, मुकुट, मुखौटा और अन्य सामग्री को अनूपपुर के ज्वेलर्स विकास सोनी को बेचा गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त बाइक, सब्बल, मोबाइल, टैबलेट, नकद 6,693 रुपये और लगभग 2 लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवरात जब्त किए हैं।
मामले में पुलिस ने रामचंद राठौर (29 वर्ष), मुकेश जायसवाल (28 वर्ष) और चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स विकास सोनी (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
