दुर्ग, 20 दिसंबर।
जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में छावनी, दुर्ग एवं भिलाई नगर अनुविभाग क्षेत्रों में की गई। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में “ऑपरेशन विश्वास एवं सुरक्षा” अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। दुर्ग अनुविभाग में नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मैहर, भिलाई नगर अनुविभाग में नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी तथा छावनी अनुविभाग में अनूप लकड़ा के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को तैनात कर चौक-चौराहों, संदिग्ध स्थानों और अड्डेबाजी के संभावित ठिकानों पर चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान थाना पुलगांव में 7 प्रकरण, थाना दुर्ग एवं खुर्सीपार में 5-5, भिलाई नगर, पाटन एवं नेवई में 3-3, सुपेला, वैशाली नगर एवं अंजोरा में 2-2 तथा पद्मनाभपुर एवं छावनी थाना क्षेत्र में 1-1 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह जिलेभर में कुल 34 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
