*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा में आज दिनदहाड़े एक डीएसपी पर चाकू से हमला करने की सनसनीखेज वारदात हो गई। घटना कलेक्टर कार्यालय के पास हुई।

शहर के एचडीएफसी बैंक के सामने बैंक से पैसा निकालकर बाहर निकल रहे डीएसपी तोमेश वर्मा पर अचानक हमला कर दिया गया। हमले में सुकमा जिले के जगरगुंडा में पदस्थ एसडीओपी तोमेश वर्मा घायल हो गए। उनके चेहरे के बांई तरफ चाकू से गहरी चोट आई है। एसडीओपी तोमेश वर्मा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इसके पहले मौके पर मौजूद जवानों ने हमलावर को दबोचकर सड़क के डिवाइडर पर उसके हाथ बांध दिए।हमलावर की पहचान दुर्ग निवासी रविशंकर साहू के रूप में हुई है। उसके साथ एक युवती भी कार से आई थी। जो दुर्ग से सुकमा आकर एसडीओपी तोमेश वर्मा का लगातार पीछा करता हुआ दंतेवाड़ा आ पहुंचा। यहां मौका पाकर उसने चाकू से हमला कर दिया। बताया जाता है कि हमलावर एक युवती के साथ आया था। सरेराह हुई इस चाकूबाजी से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमला पूर्व नियोजित तरीके से किया गया बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने युवक और महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दंतेवाड़ा पुलिस जांच में जुटी हुई है और हमले के पीछे की वजहों की पड़ताल की जा रही है। एडिशनल एसपी आरके बर्मन के मुताबिक हमलावर और घायल एसडीओपी के बीच दुर्ग में चल रहे अदालती केस की वजह से आपसी रंजिश चल रही थी। हमले की एक वजह यह भी बताई जा रही है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
