गरियाबंद | 19 दिसम्बर 2025 छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के मद्देनजर गरियाबंद जिला पुलिस अवैध धान परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में तैनात पुलिस बल ने पिछले 24 घंटों में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 120 कट्टा अवैध धान जब्त किया है।
दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उड़ीसा मार्ग से आ रहे वाहनों को पकड़ा:
थाना अमलीपदर: 17 दिसंबर को धुरवापथना रोड पर एक 407 मेटाडोर (CG-04-JC-6332) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 60 कट्टा अवैध धान पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।
थाना देवभोग: 18 दिसंबर को घूमामुड़ा रोड पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप (CG-04-MP-4713) को पकड़ा। इसमें भी 60 कट्टा अवैध धान लदा हुआ था।
इन दोनों प्रकरणों में कुल 51 क्विंटल धान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1,58,100 रुपये आंकी गई है। चालक द्वारा वैध दस्तावेज पेश न करने पर धान और वाहनों को संबंधित विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
विशेष अभियान: 40 दिनों में 45 लाख से अधिक की जब्ती
जिला पुलिस द्वारा पिछले 1 माह 9 दिनों (कुल 40 दिन) से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक की कुल उपलब्धियां इस प्रकार हैं:- कुल प्रकरण: 38 मामले दर्ज।कुल जब्ती: 3367 कट्टा (लगभग 1474.05 क्विंटल) धान।कुल मूल्य: ₹45,85,365 (पैंतालीस लाख पचासी हजार तीन सौ पैंसठ रुपये)।जब्त वाहन: 34 चार पहिया वाहन और 04 लावारिस धान के मामले।
चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी
प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि केवल पंजीकृत किसानों का ही धान खरीदी केंद्रों में लिया जाएगा। इसी के तहत देवभोग, अमलीपदर और छुरा थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से धान के अवैध प्रवेश को रोकने के लिए यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
