*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किलेपाल में पदस्थ सुपरवाइजर शकील खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ के अनुसार शकील खान अक्टूबर 2024 से बिना संचालक स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर के आदेश या अनुमोदन के जिला मीडिया प्रभारी के रूप में सीएमएचओ कार्यालय जगदलपुर में कार्यरत हैं। जबकि सुपरवाइजर को प्रभारी मीडिया अधिकारी का दायित्व सौपने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं हुआ था।
ज्ञापन में बताया गया है कि शासन की स्थानांतरण नीति के तहत श्री खान का स्थानांतरण सीएचसी तोकापाल में किया गया था आरोप है कि तोकापाल में कार्य ग्रहण करने के बाद भी शकील खान ने वहां सुपरवाइजर काम नहीं किया और नियम विरुद्ध रसीएमएचओ कार्यालय में प्रभारी मीडिया अधिकारी का कार्य करते रहे। संघ ने बताया कि कई शिकायतों के आधार पर कलेक्टर बस्तर के मौखिक निर्देश व कार्यालयी न पत्र के आधार पर 20 नवंबर को शकील खान को उनके मूल पद स्थापना स्थल सीएचसी तोकापाल के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया था। इसके बावजूद आज दिनांक तक उन्होंने तोकापाल का कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। आरोप है कि शकील खान प्रतिदिन सीएमएचओ कार्यालय जगदलपुर में उपस्थित दिखाई दे रहे हैं उपस्थिति पंजी में नियम विरुद्ध हस्ताक्षर भी कर रहे हैं तथा 12 दिसंबर को पीएससी कुरुंदी भ्रमण में भी वे शामिल हुए। संघ का कहना है कि कार्यमुक्त कर्मचारी द्वारा इस प्रकार का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है और यह कलेक्टर के आदेशों की सरासर अवहेलना को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने मांग की है कि कार्यमुक्त तिथि के पश्चात कार्यभार ग्रहण नहीं करने की अवधि को अनुपस्थित दिवस मनाते हुए शकील खान की वेतन कटौती की जाए तथा समय पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने और शासन के आदेशों की अवहेलना के आरोप में उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई भी की जाए।
