दल्ली-राजहरा। शहर में वन्यजीवों की लगातार बढ़ती घुसपैठ ने स्थानीय प्रशासन और निवासियों के बीच तनाव बढ़ा दिया है। हाल ही में एक भालू के दूसरी बार शहर के मुख्य इलाके में दिखने के बाद, वार्ड 20 (गाँधी चौक) के पार्षद रोशन पटेल ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की है।
श्रमवीर चौक पर रात 2 बजे दिखा भालू
गुरुवार की देर रात लगभग 2:00 बजे, एक भालू शहर के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग, श्रमवीर चौक पर घूमता हुआ देखा गया। यह इलाका बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के पास होने के कारण शहर की ‘हार्ट लाइन’ माना जाता है। एक स्थानीय नागरिक ने इस घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, जिससे यह फुटेज वायरल हो गया और दहशत फैल गई। भालू को बाद में वार्ड क्रमांक 23 की तरफ स्थित उड़िया दफाई दिशा में जाते हुए देखा गया।
पटेल ने की लोगों से सावधान रहने की अपील
पार्षद रोशन पटेल ने इस घटना को वन विभाग की घोर लापरवाही करार दिया है। उन्होंने कहा कि बार-बार भालू का आबादी वाले क्षेत्रों में आना स्पष्ट करता है कि विभाग वन्यजीवों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
रोशन पटेल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा, “वन विभाग की सुस्ती के चलते शहर में खतरा बढ़ गया है। मैं सभी निवासियों से आग्रह करता हूँ कि रात के समय पूरी सावधानी बरतें और बिना किसी कारण घर से बाहर न निकलें। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी स्थिति में भालू या अन्य जंगली जानवर को देखने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचित करें।“
नागरिकों ने भी पार्षद की इस पहल का समर्थन करते हुए मांग की है कि वन विभाग जल्द से जल्द गश्त बढ़ाए और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले।
