दुर्ग, 11 दिसंबर। थाना मोहन नगर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पुरानी शादियों को छुपाकर नई महिलाओं से शादी का झांसा देता था और उनका भरोसा जीतकर लाखों रुपये की ठगी करता था। आरोपी बीरेन्द्र कुमार सोलंकी (उम्र 54 वर्ष), निवासी तरातमा बंगलोत, शिवम पार्क, माधापारा कच्छ (भुज–गुजरात) को पुलिस ने विशेष प्रयास कर गुजरात से पकड़ा है।
कैसे करता था महिलाओं को शिकार
आरोपी अब तक तीन महिलाओं से शादी कर चुका है। वह समाचार पत्रों में फर्जी विवाह विज्ञापन प्रकाशित कर महिलाओं को जाल में फंसाता था। अपनी पहचान बदलकर और पूर्व शादियों की जानकारी छुपाकर नई महिलाओं से संबंध बनाता, फिर अवसर देखते ही उनसे मोटी रकम ऐंठ लेता था। लगातार ठिकाना बदलने के कारण पुलिस को उसकी तलाश में कठिनाई हो रही थी।
पीड़िता से 32 लाख की ठगी का खुलासा
प्रार्थिया ने शिकायत में बताया कि फरवरी 2022 में आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर 2 लाख रुपये लिए। जनवरी 2024 में 6 लाख रुपये नकद लिए, जो पीड़िता ने बैंक से लोन लेकर दिए थे। इसके बाद वह पीड़िता के गहने गिरवी रखवाकर 1.30 लाख रुपये का गोल्ड लोन भी ले गया, जिसकी किस्तें भी पीड़िता ही भर रही है।
वर्ष 2021 से 2024 के बीच आरोपी ने गूगल पे/एकाउंट ट्रांसफर से 18 लाख, दुर्ग आने पर अलग-अलग मौकों पर 5 लाख तथा वर्ष 2024 में घर में अनुपस्थित रहने का फायदा उठाकर 12 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया। कुल मिलाकर आरोपी ने लगभग 32 लाख रुपये की ठगी की है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
शादी का झांसा देकर फरार चल रहा आरोपी गुजरात में अपनी पहचान बदलकर छुपा हुआ था। मोहन नगर पुलिस ने तकनीकी और मैदानी प्रयासों के आधार पर उसका ठिकाना चिन्हित किया और 11 दिसंबर 2025 को भुज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामला दर्ज
इस मामले में अपराध क्रमांक 343/2025, धारा 85, 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मोहन नगर पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई की सराहना की जा रही है, जिसने पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में अहम कदम उठाया है।
