दुर्ग, 11 दिसंबर। धान खरीदी की सीमा बढ़ाने और किसानों को पर्याप्त टोकन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आज छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के आह्वान पर कोडिया और चंदखुरी धान खरीदी केंद्रों में किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि धान बेचने और टोकन पाने के लिए किसान भारी परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन जिन नेताओं पर भरोसा कर उन्होंने वोट दिया, वही आज किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ रहे हैं।
किसानों ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीयत साफ नहीं दिख रही है और ऐसा प्रतीत होता है कि वह किसानों का पूरा धान खरीदी करने के प्रति गंभीर नहीं है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक एड. राजकुमार गुप्त ने कहा कि इस वर्ष सरकार ने 1 करोड़ 60 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य तय किया है, जबकि 25 दिनों में अब तक 30 लाख टन से भी कम खरीदी हो पाई है। ऐसे में 31 जनवरी तक शेष 1 करोड़ 30 लाख टन धान खरीदी करना संभव नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि खरीदी की दैनिक सीमा को तीन गुना तक बढ़ाना होगा और आवश्यक्ता पड़ने पर खरीदी की अवधि 15 फरवरी तक बढ़ानी चाहिए।
कोडिया केंद्र के प्रदर्शन में 5 गांवों और चंदखुरी केंद्र में 3 गांवों के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
