दुर्ग जिले के ग्राम बेलौदी में स्कूलों में लंबे समय से चल रही शिक्षक कमी के विरोध में आज प्राइमरी और मिडिल स्कूल के बच्चे अपने अभिभावकों के साथ सड़क पर उतर आए। स्थानीय लोगों ने नगपुरा रोड पर जाम लगाकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। जाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि वे कई महीनों से अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा रहे थे, लेकिन समाधान न मिलने के कारण चक्का जाम करना पड़ा। उनका कहना है कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक न होने से बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है, जिससे गांव में रोष बढ़ गया है।
इस बीच स्कूल प्रिंसिपल ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी में लगाया गया है, जिसके चलते स्कूल में स्टाफ की कमी महसूस की जा रही है। मगर ग्रामीण इस वजह को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग पर अड़े हुए हैं।
ग्रामवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का निराकरण जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
