रायपुर, 03 दिसंबर। छत्तीसगढ़ भाजपा ने संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से व्यापक फेरबदल किया है। प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने राज्य के 36 जिलों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की है, वहीं 17 प्रकोष्ठों में नए संयोजक और सहसंयोजक नियुक्त किए गए हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 41 नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

**प्रदेशाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं**
नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि सभी प्रभारी, संयोजक और सहसंयोजक अपनी संगठनात्मक क्षमता, निष्ठा और टीमवर्क से पार्टी को और मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि नए दायित्व के साथ सभी अपने अनुभव और समर्पण से संगठनात्मक ढांचे को अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
**मुख्य जिलों में नए प्रभारी नियुक्त**
नई नियुक्तियों के तहत राजेंद्र शर्मा को रायपुर शहर का प्रभारी बनाया गया है। रायपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी सुरेंद्र पाटनी को दी गई है। इसके अलावा भिलाई के प्रभारी रामजी भारती, राजनांदगांव के जितेंद्र कुमार वर्मा, बस्तर के सतीश लाटिया, दुर्ग के नंदन लाल जैन, बिलासपुर शहर की प्रभारी रूपकुमारी चौधरी और बिलासपुर ग्रामीण के प्रभारी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव बनाए गए हैं।
**17 प्रकोष्ठों में भी नई टीम**
मछुआरा, झुग्गी-झोपड़ी, आर्थिक, बुनकर, विधि, शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार, व्यवसायी, आरटीआई, सहकारिता, सांस्कृतिक, पूर्व सैनिक, पंचायत, नगरीय निकाय तथा सत्कार (प्रोटोकॉल) सहित कुल 17 प्रकोष्ठों के संयोजक और सहसंयोजकों की भी घोषणा की गई है।
भाजपा संगठन का मानना है कि यह नई नियुक्तियां आगामी समय में पार्टी की गतिविधियों को गति देंगी और जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने में सहायक साबित होंगी।
