भिलाई के गुरुघासीदास नगर में युवक पर गोली चलवाने के मामले में आरोपी बने करण साव के अवैध टेंट हाउस पर शुक्रवार को नगर निगम ने कार्रवाई की। सुबह संतोषीपारा क्षेत्र में डीएसपी क्राइम, दो थाना प्रभारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम अमला पहुंचा और अवैध निर्माण को ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
निगम आयुक्त राजीव पांडेय भी मौके पर उपस्थित रहे और पूरी कार्यवाही उनकी निगरानी में पूरी की गई। आयुक्त के अनुसार, समृद्धि बाजार क्षेत्र को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आरक्षित किया गया है और यहां मौजूद अवैध कब्जेदारों को कई बार नोटिस दिए गए थे। अंतिम नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद यह कार्रवाई अनिवार्य रूप से की गई।
वहीं, कार्रवाई की भनक लगने पर टेंट हाउस संचालक पहले ही सामान हटाकर ले गया था। दूसरी ओर आरोपी करण साव के भाई सूरज साव ने आरोप लगाया कि निगम ने केवल उनके घर को लक्ष्य बनाकर कार्रवाई की है, जबकि आसपास कई और अवैध निर्माण होने के बावजूद उन पर कोई कदम नहीं उठाया गया। सूरज साव ने कहा कि अपराध में शामिल परिवार के लोग जेल में हैं, लेकिन पूरे परिवार की आजीविका खत्म कर देना उचित नहीं है।
