दुर्ग। सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित हरिजन मोहल्ला सोमवार रात अफरा-तफरी से भर गया, जब चार युवतियों ने एक विवाद के दौरान स्थानीय लोगों पर हमला बोल दिया। मामला अनैतिक गतिविधियों के विरोध से शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही मिनटों में स्थिति बेकाबू होकर हिंसा में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहल्ले में आपत्तिजनक गतिविधियों को लेकर निवासियों ने युवतियों को रोकने की कोशिश की। इससे नाराज़ होकर चारों लड़कियों ने मिलकर लोगों पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने एक व्यक्ति को ब्लेड से घायल कर दिया और कुछ लोगों पर तेजाब जैसा तरल पदार्थ फेंककर इलाके में खौफ पैदा कर दिया। अचानक हुए इस हमले से लोग घरों में दुबक गए और सड़कें खाली हो गईं।
मामले की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी चार युवतियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि यह सभी आरोपी युवतियां हरिजन मोहल्ले की ही निवासी हैं और उन पर अनैतिक कृत्यों में शामिल होने के आरोप लगे थे। विरोध से नाराज़ होकर उन्होंने हमला किया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी है। फिलहाल युवतियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
