भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद (एमआईसी) की अहम बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और आयुक्त राजीव कुमार पांडेय की मौजूदगी में आयोजित की गई। बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं, प्रशासनिक सुधारों और जनहित के मुद्दों से जुड़े 21 अलग-अलग प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने एकमत होकर इन प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।
बैठक में मंजूर किए गए प्रमुख प्रस्तावों में जलकार्य विभाग के लिए आवश्यक श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना, विभिन्न स्थानों पर डोम शेड निर्माण, चौक-चौराहों पर लगी घड़ियों, फाउंटेन, झंडों और उद्यानों के रखरखाव को नियमित रूप से करने से संबंधित कार्य शामिल थे। शिवनाथ इंटेकवेल का वार्षिक रखरखाव, पेयजल आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए नई पाइपलाइन बिछाना और जर्जर सीवरेज लाइन का नवीनीकरण भी स्वीकृत एजेंडों में रहा।
इसके अलावा सांस्कृतिक मंच का नाम बदलना, बिजली खंभों/टावरों पर संपत्तिकर लगाने, आंगनबाड़ी सहायिका व कार्यकर्ता नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाना, आवंटित प्लॉटों के लिए लीज प्रवेश शुल्क तय करना, निगम के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजना और नगरीय निकायों में संशोधित पदसंरचना लागू करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
निगम क्षेत्र के सभी भवनों और जमीनों का ड्रोन सर्वे कराने तथा नव निर्मित गारमेंट फैक्ट्री में मशीनरी स्थापित कर उसे पीपीपी मॉडल पर संचालित करने की अनुमति भी बैठक में दी गई।
बैठक में एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, केशव चौबे, आदित्य सिंह, मन्नान गफ्फार खान, चंद्रशेखर गंवई, मालती ठाकुर सहित सचिव सह उपायुक्त नरेन्द्र बंजारे, जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, संजय अग्रवाल, अनिल सिंह, अरविंद शर्मा, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, सहायक अभियंता नीतेश मेश्राम, अर्पित बंजारे, बी.एल. असाटी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
