दुर्ग। भूमि की गाइडलाइन वैल्यू और रजिस्ट्री शुल्क में बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को पटेल चौक पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और व्यापारी सुबह से ही सड़क पर बैठकर चक्का जाम करते रहे। बढ़ी हुई दरों को आम और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ बताते हुए लोगों ने प्रशासन के निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की। जाम के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबे समय तक ट्रैफिक ठप रहा।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन के संचालक मनोज राजपूत ने किया। पुलिस ने शुरुआत में प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक हटने की समझाइश दी, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति नियंत्रित की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आईं।
बता दें कि इससे पहले भी व्यापारी संगठनों ने नई गाइडलाइन दरों के खिलाफ यहां विरोध जताया था। उस समय प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के काफिले को रोककर व्यापारियों ने नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि प्रशासन ने वार्ता के जरिए समाधान निकालने का आश्वासन दिया था, लेकिन नई दरें लागू होने के बाद विरोध एक बार फिर तूल पकड़ चुका है।
