**भिलाई, 30 नवम्बर।** साइबर अपराध पर प्रभावी रोकथाम की दिशा में दुर्ग रेंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। इंस्टाग्राम के माध्यम से फॉरेक्स ट्रेडिंग का झांसा देकर एक युवक से **48 लाख 67 हजार 500 रुपये** की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को साइबर थाना दुर्ग की टीम ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की शिकायत 09 अक्टूबर 2025 को दर्ज कराई गई थी, जिसमें पीड़ित ने बताया कि फॉरेक्स निवेश से जुड़े एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उनसे भारी रकम की ठगी कर ली गई। शिकायत पर साइबर थाना दुर्ग में **धारा 318(4), 336, 3(5) बीएनएस** के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान आरोपियों की लोकेशन आंध्रप्रदेश में चिन्हांकित हुई। इसके बाद आईजी **रामगोपाल गर्ग** और एसएसपी **विजय अग्रवाल** के निर्देश पर एक विशेष टीम को जिला अनकापल्ली रवाना किया गया। टीम ने वहां छापेमारी कर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए, जिनमें मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
### **गिरफ्तार आरोपी**
1. **पी. सत्यनागा मूर्ति**, 25 वर्ष, निवासी पुलापर्थी, यालामंचली मंडल, जिला अनकापल्ली (आंध्रप्रदेश)
2. **बालाजी श्रीनू**, 34 वर्ष, निवासी चिन्ना विधि, तहसील यालामंचली, जिला पुलापर्थी, विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश)
### **पुलिस टीम की भूमिका**
इस कार्रवाई में निरीक्षक **जितेन्द्र वर्मा**, सउनि **पूर्ण बहाद्दुर**, आरक्षक **अनूप कुमार शर्मा**, आरक्षक **जुगनू सिंह** और आरक्षक **विवेक सिंह** की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग रेंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, फॉरेक्स या ऑनलाइन निवेश के लालच में न आएं और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत **सायबर हेल्पलाइन 1930** या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें।
