**भिलाई, 30 नवम्बर।** शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरानी भिलाई थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हर्ष इंडस्ट्रीज, अकलोरडीह में हुई कॉपर वायर चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपीयों को गिरफ्तार कर चोरी की गई भारी मात्रा में तार बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2025 को उद्योग परिसर में कॉपर वायर कम पाए जाने पर मैनेजमेंट ने CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें 9 नवंबर से 14 नवंबर के बीच कुछ अज्ञात व्यक्तियों को फैक्ट्री में घुसकर वायर चोरी करते देखा गया। इस आधार पर थाना पुरानी भिलाई में **धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस** के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस पेट्रोलिंग और लगातार जांच के दौरान मुखबीर की सूचना पर आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से **कुल 52 किलो कॉपर वायर** बरामद कर लिया है।
### **गिरफ्तार आरोपी**
1. **डी. वेंकटेश**, 24 वर्ष, निवासी जोन-1, सेक्टर 11, थाना छावनी
2. **डी. विवेक**, 23 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, नंदिनी रोड, छावनी
3. **के. शांता राव**, 25 वर्ष, निवासी देना बैंक के पीछे, छावनी
4. **रवि विश्वकर्मा**, 21 वर्ष, निवासी गौतम नगर, खुर्सीपार
5. **एक अपचारी बालक**
पुलिस का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाओं को रोकने तथा अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
