**दुर्ग, 30 नवम्बर।** नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा मालवीय नगर कॉम्प्लेक्स के पास स्थित 600 एमएम वाल्व को बदलने का कार्य 1 दिसम्बर 2025, सोमवार को किया जाएगा। इसके लिए सुबह नियमित जलापूर्ति के बाद 24 एमएलडी फिल्टर प्लांट का शटडाउन लिया जाएगा। शटडाउन के चलते शहर के कई हिस्सों में शाम से लेकर अगले दिन 2 दिसम्बर की सुबह तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। निगम ने बताया कि मांग और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पूर्व में ही पर्याप्त मात्रा में जल संग्रह कर लें, ताकि किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
मरम्मत कार्य के दौरान पदमनाभपुर टंकी क्षेत्र के वार्ड 43 कसारीडीह (पूर्व), वार्ड 44 बाबा गुरूघासीदास वार्ड, वार्ड 45 पद्मनाभपुर (पश्चिम) और वार्ड 46 पद्मनाभपुर (पूर्व) में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इसी तरह शंकर नगर टंकी के अंतर्गत वार्ड 10 शंकर नगर (पश्चिम), वार्ड 11 शंकर नगर (पूर्व), वार्ड 12 मोहन नगर (पश्चिम) और वार्ड 13 मोहन नगर (पूर्व) में भी सप्लाई बंद रहेगी। शक्तिनगर टंकी से जुड़े वार्ड 17 औद्योगिक नगर (उत्तर), वार्ड 18 औद्योगिक नगर (दक्षिण), वार्ड 19 शहीद भगत सिंह (दक्षिण), वार्ड 20 शहीद भगत सिंह (उत्तर), वार्ड 21 तितुरडीह और वार्ड 22 स्टेशनपारा में भी जलापूर्ति बंद रहने की संभावना है।
इसके अलावा गिरधारी नगर टंकी अंतर्गत वार्ड 09 स्वामी विवेकानंद वार्ड और वार्ड 05 मरारपारा, हनुमान नगर टंकी क्षेत्र के वार्ड 21 तितुरडीह, वार्ड 19 शहीद भगत सिंह (दक्षिण) और वार्ड 20 शहीद भगत सिंह (उत्तर) भी प्रभावित रहेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर टंकी के वार्ड 16 करहीडीह तथा शनिचरी बाजार टंकी के वार्ड 30 तमेरपारा, वार्ड 31 आपापुरा, वार्ड 32, वार्ड 33 चंडी मंदिर, वार्ड 34 शिवपारा, वार्ड 35 रामदेव मंदिर, वार्ड 36 गंजपारा, वार्ड 37 आजाद वार्ड और वार्ड 38 के आंशिक क्षेत्रों में भी जलप्रदाय बंद रहेगा।
महापौर **अलका बाघमार**, आयुक्त **सुमित अग्रवाल** और प्रभारी **लीना दिनेश देवांगन** ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोमवार को जल का संयमपूर्वक उपयोग करें और समय रहते पानी का भंडारण कर लें। निगम प्रशासन ने बताया कि तकनीकी टीम मौके पर तैनात रहेगी और कार्य को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।
