भिलाई। नेहरू नगर क्षेत्र में सोमवार को अवैध निर्माण पर कार्रवाई के दौरान नगर निगम भिलाई की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। निगम का कहना है कि तोड़फोड़ कार्रवाई शुरू होते ही मकान मालिक और उसके परिजनों ने कर्मचारियों से अभद्रव्यवहार किया और अचानक उन पर धावा बोल दिया। इस दौरान जोन आयुक्त के सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे कर्मचारी दहशत में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 49/12 में पुष्पा तिवारी पति राधेश्याम तिवारी द्वारा बिना किसी स्वीकृति के निर्माण किए जाने की शिकायत निगम को मिली थी। भवन अनुज्ञा शाखा और जोन कार्यालय ने बीते **छह महीनों में सात नोटिस** जारी कर निर्माण रोकने और आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए थे। चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर टीम सोमवार को मौके पर कार्रवाई के लिए गई थी।
जैसे ही निगम कर्मियों ने अवैध हिस्से को तोड़ना शुरू किया, घर के लोगों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। आरोप है कि करीब पांच लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत की सरकारी गाड़ी (सीजी 07 एएल 5334) का अगला शीशा ड्राइवर के सामने ही तोड़ दिया। घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हमले के समय निगम कर्मचारी, अधिकारी और पुलिस के तीन जवान मौके पर मौजूद थे, लेकिन अचानक हुए हमले से कुछ मिनटों तक स्थिति बिगड़ गई। बाद में हालात नियंत्रित किए गए। घटना के बाद जोन-1 के कर्मचारी काफी आक्रांत हैं। शिकायत दर्ज कराने के लिए जोन आयुक्त ने सुपेला थाना पहुंचकर FIR कराई।
### **जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत ने कहा**
“पिछले छह महीने से निर्माणकर्ता को नियमों के पालन के लिए समझाइश दी जा रही थी और कई नोटिस भी दिए गए। इसके बावजूद जब कार्रवाई करने पहुंचे तो अनु मिश्रा सहित कुछ लोगों ने गाली-गलौज की, टीम पर हमला किया और सरकारी वाहन तोड़ दिया। ऐसे माहौल में कैसे काम किया जा सकता है?”
—
