दुर्ग। प्रदेशभर में रजिस्ट्री दर बढ़ाने के फैसले का विरोध जारी है, लेकिन दुर्ग में यह विरोध प्रदर्शन सोमवार को तनावपूर्ण हो गया। पटेल चौक स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर विरोध जता रहे जमीन कारोबारियों और रियल एस्टेट समूहों ने अचानक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष **किरण सिंह देव** के काफिले को रोक लिया, जिससे स्थिति गर्मा गई।
काफिले को रोकने के बाद प्रदर्शनकारियों और भाजपा नेताओं के बीच तीखी कहासुनी हुई। मामला इतना बढ़ा कि **भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन**, **कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह** सहित कई पदाधिकारी प्रदर्शनकारियों से आमने–सामने उलझते नजर आए। स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंचते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को हटाकर काफिले को आगे बढ़ाया। पूरा घटनाक्रम **दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक** में हुआ।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव जिले में **सांसद विजय बघेल के पुत्र के संगीत समारोह** में शामिल होने आए थे। इसके बाद वे **राइस मिल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल बोथरा** के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। उसी दौरान रजिस्ट्री दर बढ़ोतरी के खिलाफ ज्ञापन देकर लौट रहे प्रदर्शनकारियों से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
दूसरी ओर, जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने तनाव और झड़प की बात से इनकार करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने काफिले को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन समझाइश के बाद वे हट गए और किसी तरह का विवाद या मारपीट नहीं हुई।
