दुर्ग, 24 नवंबर। अण्डा थाना पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा मूल के एक युवक को प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा परिवहन करते रंगे हाथों पकड़ लिया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब **10 लाख रुपये** बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगढ़ (उड़ीसा) निवासी **शखील बाग** नामक युवक ट्रॉली बैग में गांजा भरकर बिक्री के उद्देश्य से दल्लीराजहरा जाने वाली ट्रेन से रिसामा रेलवे स्टेशन पर उतरने वाला है। सूचना के आधार पर अण्डा थाना टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद **मेहरून रंग की ट्रॉली बैग** से दो पैकेटों में भरा हुआ **कुल 9 किलो 668 ग्राम गांजा** बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी से **रियलमी मोबाइल फोन, 1350 रुपये नगद**, सहित कुल **5,06,350 रुपये** मूल्य का माल जब्त किया।
आरोपी शखील बाग (उम्र 21 वर्ष), निवासी थाना बरगढ़, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) के खिलाफ **अपराध क्रमांक 118/2025**, धारा **20(ख) एनडीपीएस एक्ट** के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 22 नवंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
