भिलाई।
थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए घर में कार्यरत मेड और उसके पति को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से सोने–चांदी के आभूषण और नकदी सहित लगभग 8 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-02 निवासी राकेश चौधरी ने 16 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 29 अक्टूबर को अपनी आलमारी में सोने-चांदी के गहने और नकदी रखी थी। 15 नवंबर को शादी समारोह में जाने की तैयारी के दौरान आलमारी चेक करने पर सामान गायब मिला। शिकायत पर पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि घर के सदस्य कहीं बाहर नहीं गए थे और घर में आने-जाने वालों पर निगरानी रखी गई। इस दौरान घर में काम करने वाली नौकरानी सरस्वती साहू के व्यवहार पर संदेह होने पर पूछताछ की गई। पूछताछ में सरस्वती ने स्वीकार किया कि 29 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच उसने 2-3 बार बिना लॉक की आलमारी से गहने चोरी किए और उन्हें अपने पति सेवक राम साहू को छुपाने के लिए दे दिया।
पुलिस ने दोनों से सोने की चैन, झुमका, बाली, टॉप्स, लटकन, मंगलसूत्र, जेन्स बाली, चांदी की पायल और 51,600 रुपए नकद सहित कुल लगभग 8 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर में कार्यरत नौकर या कामगारों की जानकारी, नाम और पता स्थानीय थाने में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।
**गिरफ्तार आरोपी**
1. सरस्वती साहू, उम्र 31 वर्ष, शास्त्री नगर, कैंप-1, छावनी
2. सेवक राम साहू, उम्र 32 वर्ष
